Mahila College

महिला कॉलेज चाईबासा में विश्व जनसंख्या दिवस पर विशेष व्याख्यान का आयोजन

महिला कॉलेज चाईबासा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) बी.एड. इकाई द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसंख्या संबंधी मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं की भूमिका पर सार्थक विमर्श करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. मोबारक करीम हाशमी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए मुख्य वक्ता एवं उपस्थित छात्राओं का स्वागत किया।

कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अर्पित सुमन ने कहा कि महिला कॉलेज चाईबासा में प्रतिवर्ष विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है। उन्होंने इस दिवस के महत्व एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जनसंख्या, स्वास्थ्य, शिक्षा, लैंगिक समानता तथा सतत विकास के प्रति समाज को जागरूक करना इस दिवस का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. प्रभात कुमार सिंह, सीवीसी, कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा ने “युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना – आज और भविष्य के लिए” विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य, समान अवसर तथा कौशल विकास के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएँ, तो वे न केवल अपने सपनों को साकार कर सकते हैं, बल्कि राष्ट्र के सतत एवं समावेशी विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से जनसंख्या संबंधी चुनौतियों के प्रति जागरूक, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। व्याख्यान के समापन के बाद छात्राओं के साथ इंटरेक्शन सेशन रखा गया। जिसमें छात्राओं ने प्रश्न पूछे और उनके प्रश्नों का उत्तर वक्ता के द्वारा दिया गया।

इस अवसर पर बी.एड. सेमेस्टर–1 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दी गईं।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. राजीव लोचन नमता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

कार्यक्रम में बी.एड. सेमेस्टर–1 की छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं तथा उन्होंने व्याख्यान में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

 

Leave a Comment