चाईबासा, 5 जुलाई। महिला कॉलेज चाईबासा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) बी.एड. इकाई द्वारा वन महोत्सव के अवसर पर गोद लिए गए गाँव दुम्बीसाई स्थित अर्जुन हाल परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें 51 पौधे लगाए गए
50 पौधे वितरण के लिए दिए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा समाज में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अर्पित सुमन ने कहा कि महिला कॉलेज चाईबासा द्वारा प्रत्येक वर्ष वन महोत्सव के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष अर्जुन हाल परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं औद्योगिक महत्व के पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है।
कार्यक्रम में फलदार प्रजातियों के अंतर्गत काजू, आम, आवला, कटहल, सहजन एवं कुसुम के पौधे लगाए गए। इसके अतिरिक्त साल, सागवान, शीशम एवं महोगनी जैसे बहुमूल्य एवं औद्योगिक महत्व के वृक्षों का भी रोपण किया गया।
मुख्य अतिथि जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. अमरजीत कुजूर ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने, जल संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. राजू ओझा ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के लिए जीवनदायिनी संपदा हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवनकाल में कम से कम पाँच वृक्ष अवश्य लगाए, क्योंकि वृक्ष बड़ी मात्रा में ऑक्सीजन प्रदान करते हैं तथा पर्यावरण को संतुलित बनाए रखते हैं।
कार्यक्रम के अंत में बी.एड. विभागाध्यक्ष मोबारक करीम ने सभी अतिथियों, ग्रामीणों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर दुम्बीसाई के मानकी दलपत देवगम ने अपना आभार व्यक्त किया और पौधे की सुरक्षा का आश्वासन दिया।
जिला युवा अधिकारी अभिषेक आनंद, सहायक प्राध्यापक धनंजय कुमार, पंकज, गिरीश देवगम, प्रभु सहाय देवगम, कानू लाल, चमरू देवगम, किरण देवगम, अर्जुन देवगम तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

