
चाईबासा, 12 सितम्बर 2026। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत (MY Bharat), पश्चिमी सिंहभूम के तत्वावधान में महिला कॉलेज, चाईबासा में ‘नशा मुक्त युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के बीच नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका को मजबूत करना था।
कार्यक्रम में युवा आइकन मानव घोष विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर महिला कॉलेज, चाईबासा के कार्यवाहक प्राचार्य श्री विकास मिश्रा, बी.एड. विभागाध्यक्ष मोबारक करीम हाशमी, डॉ. राजीव लोचन नमता, मदन मोहन मिश्रा, सितेंद्र रंजन सिंह, जिला युवा अधिकारी श्री अभिषेक आनंद तथा माई भारत की टीम के साथ भारी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रही।
कार्यक्रम की रूपरेखा राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अर्पित सुमन तथा मनीषा बिरुआ एवं टीम द्वारा छात्राओं को विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यवाहक प्राचार्य श्री विकास मिश्रा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे के व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए युवाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने का आह्वान किया।
इसके बाद जिला युवा अधिकारी श्री अभिषेक आनंद द्वारा MY Bharat एवं Viksit Bharat Young Leaders Dialogue (VBYLD) 2027 के संबंध में लगभग 25–30 मिनट की जानकारी परक प्रस्तुति दी गई। उन्होंने युवाओं को MY Bharat से जुड़ने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य सत्र में युवा आइकन मानव घोष ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से नशे से स्वयं दूर रहने के साथ-साथ अपने साथियों, परिवार और समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और स्वस्थ एवं नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।
इसके पश्चात नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर आधारित जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के महत्वपूर्ण चरण के रूप में सभी प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त भारत शपथ’ ली और स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अर्पित सुमन ने किया। अंत में आभार ज्ञापन के पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा MY Bharat की यह पहल युवाओं को केवल नशे के विरुद्ध जागरूक करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें स्वस्थ, जिम्मेदार, जागरूक एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय युवा शक्ति के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
