Mahila College

‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से युवाओं को मिलेगा खेल एवं राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का अवसर

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की दी गई जानकारी

चाईबासा, 24 अगस्त 2026: राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त 2026 ) के अवसर पर युवा सहभागिता, खेल विकास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त 2026 को किया जा रहा है। इस संबंध में सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला कॉलेज चाईबासा के NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो एवं पश्चिमी सिंहभूम के जिला युवा अधिकारी श्री अभिषेक आनंद ने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 27 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाला ‘खेलो इंडिया संवाद’ देश के युवाओं, खिलाड़ियों और भविष्य की संभावनाओं को एक साझा मंच पर जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम का मूल विचार “देश का युवा, देश का खिलाड़ी और देश का भविष्य—इन तीनों को एक मंच पर जोड़ना” है।

देशभर में वर्चुअल माध्यम से लगभग 1600 स्थानों पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें चार लाख से अधिक युवाओं के जुड़ने की संभावना है। प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों को कार्यक्रम से जोड़ने की योजना है।

स्थानीय खिलाड़ियों एवं युवाओं के बीच होगा संवाद

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय खेल प्रतिभाओं एवं युवाओं के बीच संवाद का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें सांसद, विधायक अथवा मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा युवाओं को संबोधित किया जाएगा। लगभग 15 मिनट के संवाद सत्र में युवाओं को अपने Ideas, Suggestions एवं Aspirations साझा करने का अवसर मिलेगा।

चार प्रमुख विषयों पर होगा संवाद

‘खेलो इंडिया संवाद’ के माध्यम से युवाओं से मुख्य रूप से चार महत्वपूर्ण विषयों पर सुझाव एवं विचार प्राप्त किए जाएंगे—

1. Sports Ecosystem को मजबूत करना
जमीनी स्तर तक खेल सुविधाओं को बेहतर बनाना तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों को आवश्यक अवसर उपलब्ध कराना।

2. 2036 ओलंपिक के लिए Talent Nurturing
भविष्य के ओलंपिक खिलाड़ियों की पहचान, प्रतिभा विकास एवं एथलीट डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान देना।

3. Youth Leadership & Governance
नेतृत्व एवं शासन व्यवस्था में युवाओं की सहभागिता को बढ़ावा देना।

4. विकसित भारत के लिए Youth Empowerment
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की क्षमता, नेतृत्व एवं सहभागिता को सशक्त करना।

उन्होंने बताया कि युवाओं के विचार एवं सुझाव QR Code के माध्यम से संकलित किए जाएंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर युवाओं को VBYLD Quiz Round में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

स्थानीय खेल प्रतिभाएँ रहेंगी आकर्षण का केंद्र

चाईबासा क्षेत्र की युवा खेल प्रतिभाओं में माधवी चौहान (तीरंदाजी) एवं सिसिलिया पुरती (हॉकी) की सहभागिता कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेगी। वहीं बड़कुँवर गागराई, पूर्व विधायक एवं पूर्व आपूर्ति मंत्री, भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर युवाओं को संबोधित करेंगे।

डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो एवं श्री अभिषेक आनंद ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में ‘खेलो इंडिया संवाद’ से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को केवल खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर नहीं देता, बल्कि उनके विचारों, नेतृत्व क्षमता और आकांक्षाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का मंच भी प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह पहल देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Comment